Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मोदी ने शुरू किया कर्नाटक का अभियान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभी तक कर्नाटक में चुनावी रैली करने नहीं गए हैं लेकिन गुरुवार को उन्होंने दिल्ली से ही कर्नाटक का चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया। उन्होंने गुरुवार को वर्चुअल तरीके से कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया। बताया जा रहा है कि राज्य के 50 लाख कार्यकर्ता उनसे जुड़े। मोदी ने उनके साथ संवाद में कांग्रेस पर जोरदार हमला किया और उसकी मुफ्त की रेवड़ी संस्कृति से सावधान रहने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता को डबल इंजन सरकार के फायदे और इसके ना होने के नुकसान बताने को कहा।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिस पार्टी की वारंटी ही समाप्त हो चुकी है तो उसकी गारंटी का क्या मतलब है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने अपने चुनावी वादों को गारंटी का नाम दिया है। बहरहाल, मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए बूथ स्तर पर पार्टी के प्रचार को मजबूत करने के लिए प्रेरित भी किया और कहा कि डबल इंजन की सरकार होने का सीधा मतलब राज्यों में विकास की दोगुनी रफ्तार से है और इसके ना होने से जनता पर डबल मार पड़ती है।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की दो सौ यूनिट बिजली फ्री देने, ग्रेजुएट बेरोजगारों को तीन हजार रुपया महीना देने, महिलाओं को दो हजार रुपए महीना  देने जैसी गारंटी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों के मुफ्त की रेवड़ी की संस्कृति से सावधान रहना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुफ्तखोरी के कारण राज्य कर्ज में डूबे हुए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश और सरकारों को इस तरह नहीं चलाया जा सकता।

भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा- हमारे देश में कुछ राजनीतिक दलों ने राजनीति को सिर्फ सत्ता और भ्रष्टाचार का साधन बना दिया है और इसे हासिल करने के लिए वह साम, दाम, दंड, भेद हर तरह का तरीका अपना रहे हैं. इन राजनीतिक दलों को देश के भविष्य की और आने वाली पीढ़ियों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा- मुफ्त की रेवड़ी की राजनीति की वजह से कई राज्य बेतहाशा खर्च अपनी दलगत राजनीति की भलाई के लिए कर रहे हैं। राज्य कर्ज में डूबते चले जा रहे हैं और आने वाले पीढ़ियों का भी वह खाए जा रहे हैं।

Exit mobile version