Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आज होगा सीएम का ऐलान

नई दिल्ली। तीन दिन की माथापच्ची के बावजूद मंगलवार को भी कांग्रेस पार्टी कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा नहीं कर सकी। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार के बीच टकराव की वजह से नाम तय नहीं हो पाया है। अब बताया जा रहा है कि बुधवार को बेंगलुरू में  सीएम के नाम का ऐलान हो सकता है। कांग्रेस ने बुधवार को बेंगलुरू में विधायक दल की बैठक बुलाई है, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी और खुद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करेंगे। बताया जा रहा है कि सिद्धरमैया का नाम तय है, जिसका ऐलान बुधवार को होगा।

इससे पहले मंगलवार को दिन भर में दिल्ली में गहमागहमी रही। सिद्धरमैया पहले से दिल्ली में मौजूद थे और मंगलवार को डीके शिवकुमार भी दिल्ली पहुंचे। शाम में दोनों नेताओं ने बारी बारी से मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। पहले शाम साढ़े पांच बजे शिवकुमार ने खड़गे से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि उनको साढ़े छह बजे पहुंचना था लेकिन वे साढ़े पांच बजे ही खड़गे के यहां पहुंच गए। उनकी मुलाकात के बाद सिद्धरमैया भी खड़गे से मिले।

इन दोनों नेताओं के खड़गे से मिलने से पहले राहुल गांधी ने उनसे मुलाकात की। शिवकुमार के दिल्ली पहुंचने के बाद राहुल सक्रिय हुए और वे दोपहर में खड़गे से मिलने उनके घर 10, राजाजी मार्ग पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि राहुल ने सिद्धरमैया को मुख्यमंत्री बनाने की सलाह दी है, जिससे उनका पलड़ा भारी हो गया है। कांग्रेस के जानकार सूत्रों के मुताबिक खड़गे बेंगलुरू जाने से पहले सोनिया गांधी से मिलेंगे और उनकी सहमति लेकर ही नए मुख्यमंत्री का नाम तय करेंगे। राज्य के कुछ नव निर्वाचित विधायकों ने भी खड़गे से मुलाकात की।

मंगलवार की शाम को मुख्यमंत्री पद के दोनों दावेदारों से मिलने के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलने के बाद खबर आई है कि दोनों में से कोई भी नेता 50-50 फॉमूले से सहमत नहीं है। यानी ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री कार्यकाल के लिए दोनों तैयार नहीं हैं। बताया जा रहा है कि शिवकुमार ने मुख्यमंत्री के अलावा कोई भी पद लेने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस आलाकमान की ओर से उनको उप मुख्यमंत्री का पद लेने के लिए मनाने की कोशिश हो रही है।

कांग्रेस के जानकार सूत्रों के मुताबिक दोनों नेताओं से मुलाकात के बारे में खड़गे कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को रिपोर्ट देंगे। सोनिया और राहुल गांधई से बात करने के बाद खड़गे बुधवार को बेंगलुरु जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्धरमैया का नाम लगभग तय हो गया है। डीके शिवकुमार को लोकसभा चुनाव तक इंतजार करने को कहा है। तब तक उन्हें उप मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दोनों बनाए रखा जाएगा।

Exit mobile version