Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

छत्तीसगढ़ कांग्रेस नेताओं पर छापा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चार दिन बाद शुरू होने वाले कांग्रेस के महाधिवेशन से पहले प्रदेश कांग्रेस के आधा दर्जन नेताओं के यहां केंद्रीय एजेंसी, प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने छापा मारा है। रायपुर में 24 से 26 फरवरी तक कांग्रेस का अधिवेशन होना है। उससे पहले सोमवार को ईडी ने छह कांग्रेस नेताओं के यहां छापा मारा। केंद्रीय एजेंसी ने कोयला लेवी घोटाले की जांच के सिलसिले में कांग्रेस विधायक सहित छह नेताओं के यहां छापा मारा है।

कांग्रेस पार्टी ने दावा किया है कि पार्टी के अधिवेशन को डिस्टर्ब करने के लिए यह कार्रवाई हुई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस कार्रवाई का विरोध किया और केंद्र सरकार पर हमला किया। ईडी की कार्रवाई के बाद खड़गे ने कहा- पिछले नौ सालों में ईडी ने जो रेड की हैं उसमें 95 फीसदी विपक्षी नेता हैं, और सबसे ज्यादा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ है। कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी ईडी की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया।

गौरतलब है कि ईडी पहले से कोयला लेवी घोटाले की जांच कर रही है। इस मामले में प्रदेश सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। बहरहाल, केंद्रीय एजेंसी ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव, प्रदेश प्रवक्ता आरपी सिंह, भवन व अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष सन्नी अग्रवाल और विनोद तिवारी पर छापा मारा है। इनसे जुड़े रायपुर की श्रीराम नगर, डीडी नगर, गीतांजलि नगर, मोवा में छापे मारे गए। खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन और सारंगढ़ विधायक चंद्रदेव राय के घर भी कार्रवाई हुई है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय एजेंसी की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि अदानी की सच्चाई खुलने और भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से हताश हो चुकी भाजपा ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। इस बीच ईडी की छापेमारी का रायपुर में कांग्रेस ने जमकर विरोध किया। युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने ईडी मुख्यालय का घेराव किया और इसस दौरान सीआरपीएफ के जवानों के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प हुई। जिसके बाद जवानों ने लाठीचार्ज किया। करीब डेढ़ घंटे तक ईडी दफ्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन चलता रहा।

इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को ट्विट कर ईडी के छापों की जानकारी दी। उन्होंने लिखा- प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष, पूर्व उपाध्यक्ष और विधायक समेत कई साथियों के घरों पर ईडी ने छापा मारा है। चार दिन के बाद रायपुर में कांग्रेस का महाधिवेशन है। तैयारियों में लगे साथियों को इस तरह रोककर हमारे हौसले नहीं तोड़े जा सकते। भारत जोड़ो की सफलता और अडाणी की सच्चाई खुलने से भाजपा हताश है। यह ध्यान भटकाने का प्रयास है। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।

Exit mobile version