Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा का घोषणापत्र आज जारी होगा

बेंगलुरू। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का घोषणापत्र सोमवार को जारी होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा घोषणापत्र जारी करेंगे। इस मौके पर पार्टी के और भी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि कर्नाटक की सभी 224 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 10 मई को मतदान होना है। आठ मई को प्रचार बंद हो जाएगा। सो, प्रचार बंद होने से एक हफ्ते पहले भाजपा का घोषणापत्र जारी होगा।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता घोषणापत्र जारी करेंगे। बताया गया है कि सोमवार को सुबह करीब 11 बजे बेंगलुरू में इसे जारी किया जाएगा। गौरतलब है कि भाजपा ने घोषणापत्र के लिए सभी 224 विधानसभा क्षेत्रों से जनता से सुझाव मांगे थे। पार्टी ने वेबसाइट, व्हाट्सऐप और अन्य संचार माध्यमों से सुझाव मंगाए थे। सार्वजनिक स्थानों और पार्टी की रैलियों में सुझाव के लिए बॉक्स रखे गए थे।

भाजपा की मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस ने पांच गारंटी दी है, जिसमें जनता को मुफ्त बिजली, महिलाओं को नकदी, मुफ्त दस किलो चावल, नौजवानों को नकदी जैसी गारंटियां दी है। इसके बाद से भाजपा पर भी इसी तरह की लोक लुभावन घोषणाएं करने का दबाव है। बहरहाल, भाजपा ने अपने घोषणापत्र को दृष्टि पत्र का नाम दिया है। इसकी थीम प्रजा ध्वनि यानी जनता की आवाज है। बताया जा रहा है कि इसमें चार फीसदी मुस्लिम आरक्षण समाप्त कर दो दो फीसदी लिंगायत और वोक्कालिंगा में बांटने के बोम्मई सरकार के फैसले का जिक्र होगा। ध्यान रहे भाजपा के नेता इस मुद्दे को हर चुनावी सभा में उठा रहे हैं।

Exit mobile version