Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राहुल पर भाजपा का हमला जारी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। संसद में और संसद से बाहर भी राहुल भाजपा नेताओं के निशाने पर रहे। उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस देने वाले भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक समिति बना कर राहुल के बयानों की जांच कराने और उनकी सदस्यता खत्म करने की मांग की है तो भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक वीडियो जारी करके राहुल पर हमला किया है। उन्होंने राहुल पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगा है।

नड्डा ने कर्नाटक की चुनावी सभा में भी राहुल पर हमला बोला। उन्होंने शुक्रवार को छल्लाकेरे में एक रैली में कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। नड्डा ने कहा- राहुल गांधी विदेश में कहते हैं कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया। तुम चुनाव नहीं जीते तो लोकतंत्र खत्म हो गया। नाच न जाने आंगन टेढ़ा…ऐसे ही हैं राहुल गांधी। ये अमेरिका, यूरोप को कहते हैं कि भारत में दखल दो और लोकतंत्र को बचाओ।

भाजपा अध्यक्ष ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी से माफी मांगने को कहा है। वीडियो में उन्होंने कहा है- दुर्भाग्य की बात यह है कि कांग्रेस देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हो गई है। जनता के बार-बार नकारे जाने के बाद राहुल गांधी इस देश विरोधी टूलकिट का एक परमानेंट हिस्सा बन गए हैं।

दूसरी ओर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के बयानों की जांच के लिए एक विशेष समिति बनाने की मांग की है। दुबे ने कहा कि राहुल गांधी ने यूरोप और अमेरिका में अपने बयानों से लगातार संसद और देश की गरिमा को धूमिल किया है। इसलिए उन्हें संसद से निष्कासित करने का समय आ गया है। उनकी लोकसभा सदस्यता को समाप्त करने में मदद करनी चाहिए। उन्होंने पैसे लेकर सवाल पूछने के मामले में सांसदों की सदस्यता खत्म करने की मिसाल देते हुए उसी तरह की जांच की मांग की।

Exit mobile version