Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कन्नौज से अखिलेश लड़ेंगे चुनाव

Akhilesh Yadav

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उम्मीदवारों की घोषणा करके उन्हें बदलने का सिलसिला जारी रखा है। अब उन्होंने परिवार की पारंपरिक सीटों में से एक कन्नौज पर अपने भतीजे और लालू प्रसाद के दामाद तेज प्रताप यादव के नाम की घोषणा करके उनकी टिकट बदल दी है। अब कहा जा रहा है कि अखिलेश खुद इस सीट से चुनाव लड़ेंगे। पिछली बार 2019 में उनकी पत्नी डिंपल यादव इस सीट से चुनाव लड़ी थीं लेकिन वे भाजपा के सुब्रत पाठक से हार गई थीं।

बहरहाल, बताया जा रहा है कि तेज प्रताप यादव के नाम की घोषणा किए जाने के बाद स्थानीय नेता अखिलेश यादव पर चुनाव लड़ने का दबाव बना रहे थे। कहा जा रहा है कि अखिलेश खुद लड़ने के लिए तैयार हो गए हैं। कन्नौज समाजवादी पार्टी का गढ़ था लेकिन पिछले चुनाव में इस सीट से बीजेपी चुनाव जीती थी। अब माना जा रहा है कि अखिलेश अपना गढ़ वापस हासिल करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने डिंपल यादव को इस बार मैनपुरी लोकसभा सीट से टिकट दिया है, जहां से वे उपचुनाव में जीती थीं।

अखिलेश यादव के कन्नौज से लड़ने की खबरों के बीच यह भी कहा जा रहा है कि अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली से प्रियंका गांधी का चुनाव लड़ना तय है। बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी के यहां इस बात पर सहमति बन गई है। राहुल गांधी अभी केरल की वायनाड सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां 26 अप्रैल को मतदान है। उसके बाद उनके और प्रियंका के चुनाव लड़ने की घोषणा होगी। प्रियंका अगर रायबरेली से उतरती हैं तो यह उनका पहला चुनाव होगा।

Exit mobile version