Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राजस्थान में केजरीवाल ने शुरू किया प्रचार

गंगानगर। आम आदमी पार्टी ने राजस्थान में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत कर दी है। पार्टी के सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को गंगानगर में एक रैली को संबोधित किया, जिसमें कांग्रेस सरकार के ऊपर जम कर हमला किया। उन्होंने भाजपा को भी निशाना बनाया और लोगों से आम आदमी पार्टी को एक मौके देने का आग्रह किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने पांच साल में कोई काम नहीं किया है। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री के कम पढ़े लिखे होने का दावा भी किया।

राजस्थान के लोगों के सामने दिल्ली और पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार का मॉडल पेश करते हुए केजरीवाल ने कहा- हमारी पंजाब सरकार के एक साल के काम की चर्चा अभी से चारों तरफ होने लगी है। आज हम नए राजस्थान का सपना लेकर आए हैं। उन्होंने कहा- 50 साल कांग्रेस ने यहां राज किया, भाजपा ने 18 साल राज किया, दोनों ने मिल कर राज्य को चूसा।  आठ करोड़ राजस्थान वालों के साथ मिलकर हम एक नया राजस्थान बनाएंगे।

केजरीवाल ने आगे कहा- आज राजस्थान में रजिस्टर्ड बेरोजगार युवा साढ़े 18 हजार हैं, कुल मिलाकर तो पचास हजार से ज्यादा होंगे। क्या कर रहे हैं अशोक गहलोत? मैंने दिल्ली में 12 लाख युवाओं को रोजगार दिया है, भगवंत मान तीन लाख युवाओं को रोजगार देने जा रहे हैं। बीजेपी और केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए केजरीवाल ने कहा- आज मोदी जी का भाषण सुना, कहते हैं कि 2047 तक भारत विकसित देश बन जाएगा। कैसे मानें हम? अनपढ़ लोग आज देश चला रहे हैं। नोटबंदी से देश बीस साल पीछे चला गया, पढ़े लिखे होते तो नोटबंदी नहीं करते।

Exit mobile version