Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हत्या के एक मामले में राम रहीम बरी

चंडीगढ़। पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान से ठीक पहले डेरा सच्चा सौदा के गुरमीत राम रहीम को लेकर बड़ी खबर आई है। हत्या और बलात्कार के मामले में जेल में बंद राम रहीम को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने हत्या के एक मामले में बरी कर दिया है। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम सहित पांच लोगों को हाई कोर्ट ने डेरा मैनेजर रणजीत सिंह की हत्या के मामले में बरी कर दिया है। राम रहीम सहित पांच आरोपियों को सीबीआई की विशेष अदालत ने उम्रकैद की सजा दी थी।

राम रहीम इस समय रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। उसे तीन मामलों में सजा हुई थी। इनमें रणजीत हत्याकांड के अलावा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या और साध्वियों के यौन शोषण का केस भी शामिल है। रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में उसे उम्रकैद और साध्वियों के यौन के शोषण के दो मामलों में 10-10 साल की कैद हुई थी। रणजीत हत्याकांड में बरी होने के बावजूद राम रहीम को अभी जेल में ही रहना होगा।

बहरहाल, कुरुक्षेत्र के रहने वाले डेरा मैनेजर रणजीत सिंह की 10 जुलाई 2002 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसकी पुलिस जांच हुई, लेकिन डेरे को क्लीन चिट दे दी गई। पुलिस जांच से असंतुष्ट रणजीत सिंह के बेटे जगसीर सिंह ने जनवरी 2003 में हाई कोर्ट में याचिका दायर कर सीबीआई जांच की मांग की थी। सीबीआई जांच के दौरान 2006 में ड्राइवर खट्टा सिंह के बयान पर डेरा प्रमुख राम रहीम का नाम इसमें शामिल किया गया। इस मामले में 2007 में कोर्ट ने आरोपियों पर आरोप तय किए थे। 19 साल के बाद अक्टूबर 2021 में डेरा मुखी सहित पांच आरोपियों को दोषी करार दिया गया। जिसके बाद सीबीआई ने इन्हें उम्रकैद की सजा दे दी। सजा मिलने के तीन साल बाद राम रहीम हाई कोर्ट से बरी हो गया।

Exit mobile version