Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मणिपुर में अब भी तनाव बरकरार

इंफाल। मणिपुर में कुकी और मैती समुदाय के पास अब भी हजारों की संख्या में हथियार हैं, जिनका इस्तेमाल हिंसा में होने की खबर है। इस बीच पिछले दो-तीन में हुई दो घटनाओं के बाद से राज्य में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एक नगा महिला की गोली मार कर हत्या किए जाने से पूरा नगा समुदाय आंदोलित है और सोमवार को 12 घंटे के बंद का आयोजन किया गया। उसी दिन पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी की गाड़ी को आग लगा दी गई। इस मामले में 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इस बीच न्यूज एजेंसी पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया है कि कुकी और मैती दोनों समुदायों के पास अभी भी तीन हजार हथियार मौजूद हैं। खबरों के मुताबिक, इन हथियारों में थ्री नॉट थ्री की राइफलें, मीडियम मशीन गन, एके असॉल्ट राइफलें, कार्बाइन, इंसास लाइट मशीन गन एम-16 और एमपी-5 राइफलें शामिल हैं। इसके अलावा छह लाख से ज्यादा बुलेट्स का भी स्टॉक है।

खबरों के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि मई में इन समुदाय के कुछ लोगों ने साढ़े चार हजार से ज्यादा हथियार और 6.32 लाख गोलियां लूटी थीं। इन्हें इंफाल पूर्वी के पांगेई के मणिपुर पुलिस ट्रेनिंग सेंटर और खाबेइसोई की सातवीं इंडिया रिजर्व बटालियन और आठवीं मणिपुर राइफल्स से लूटा गया था। अधिकारियों ने बताया कि दोनों समुदाय द्वारा लूटे गए 29 सौ हथियार काफी घातक हैं। इसके अलावा, आंसू गैस और मिनी फ्लेयर बंदूकें लूटी गई थी। उन्होंने कहा कि लूटे गए हथियार और गोला-बारूद मुख्य रूप से घाटी के दंगाइयों के पास है, जबकि पहाड़ी इलाकों में दंगाइयों के पास बहुत कम हथियार हैं।

Exit mobile version