Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पांच दिन तक हीटवेव का अलर्ट

नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिमी मानसून तेजी से पूरे देश में आगे बढ़ रहा है और यह महाराष्ट्र पहुंच गया है लेकिन उत्तर और पश्चिमी भारत के कई राज्यों में गरमी का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन तक कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। हालांकि अब 50 डिग्री सेल्सियस तापमान नहीं पहुंच रहा है लेकिन उमस बढ़ने की वजह से गर्मी का असर बढ़ गया है।

मौसम विज्ञान विभाग ने अगले पांच दिन तक देश के कुछ स्‍थानों पर हीटवेव की संभावना जताई है। साथ ही अगले दो दिनों के दौरान देश के कुछ स्‍थानों पर बारिश के साथ ही आंधी तूफान की संभावना भी जताई है। गौरतलब है कि दक्षिण पश्चिमी मानसून गुरुवार को महाराष्‍ट्र पहुंच गया है और 10 जून तक इसके मुंबई पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। दक्षिण के कई राज्यों में तेज बारिश भी हो रही है।

देश के कई हिस्सों में गर्मी का अनुमान जताते हुए मौसम विभाग ने पूर्वी भारत, उत्तर प्रदेश और उत्तर पूर्व मध्य प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में लू चलने की संभावना जताई है। पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और झारखंड के अलग अलग इलाकों में आठ से 11 जून, बिहार में नौ और 10 जून और ओडिशा, पंजाब, हरियाणा में नौ से 11 जून के दौरान लू चलने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में आठ से 11 जून के दौरान क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है।

Exit mobile version