Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सरकारी अस्पताल में 24 घंटो में 18 मरीजों की मौत

ठाणे। महाराष्ट्र में ठाणे शहर के कलवा शिवाजी महाराज अस्पताल में पिछले 24 घंटों में 18 मरीजों की मौत हो गई। निगमायुक्त अभिजीत बांगर ने रविवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई है। बांगर ने कहा कि मृतकों में 10 महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं, जिनमें से छह ठाणे शहर से, चार कल्याण से, तीन शाहपुर से, एक-एक भिवंडी, उल्हासनगर और गोवंडी (मुंबई में) से हैं, एक मरीज किसी अन्य जगह से है और एक अज्ञात है।आयुक्त ने कहा कि मृतक मरीजों में से 12 की उम्र 50 वर्ष से अधिक थी।

इससे पहले दिन में महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत और स्थानीय पुलिस उपायुक्त गणेश गावड़े ने छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में पिछले 24 घंटों में 17 मरीजों की मौत होने की जानकारी दी थी। बांगर ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्थिति के बारे में जानकारी ली और एक स्वतंत्र जांच समिति के गठन का आदेश दिया है, जिसकी अध्यक्षता स्वास्थ्य सेवा आयुक्त करेंगे।

उन्होंने कहा कि जांच समिति में कलेक्टर, निगम प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक और सिविक सर्जन समेत अन्य शामिल होंगे।बांगर ने कहा कि यह समिति मौतों के नैदानिक पहलू की जांच करेगी।उन्होंने कहा कि मृतक मरीजों को गुर्दे की पथरी, पक्षाघात, अल्सर, निमोनिया, केरोसिन विषाक्तता, सैप्टीसीमिया आदि जैसी समस्याएं थीं।

Exit mobile version