Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

प्रियंका का शिवराज पर निशाना

धार। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को मध्य प्रदेश में कांग्रेस की एक रैली को संबोधित किया और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री की ऐसी हालत हो गई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रचार के लिए उनके राज्य में आते हैं और उनका नाम भी नहीं लेते हैं। प्रियंका ने मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि वे अपने 50 मिनट के भाषण में 50 बार कांग्रेस का नाम लेते हैं। उन्होंने अपनी दादी इंदिरा गांधी का भी नाम लिया और कहा कि इस जगह से उनको खास लगाव था।

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस जो कुछ भी कहती है प्रधानमंत्री भी वही कहते हैं। उन्होंने कहा- मैंने सुबह उठकर देखा कि मोदी जी क्या भाषण दे रहे हैं। हम जो, कहते है, वो भी वहीं कहते हैं। राज्य सरकार को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा- पिछले 18 सालों में 17 हजार नवयुवकों ने खुदकुशी की है। मेरी बातों में भी मत पड़िए। सच्चाई और अपने अनुभव में पड़िए। उन्होंने कहा- बेरोजगारी चरम पर है। शिक्षकों के करीब 70 हजार, डॉक्टरों के 90 फीसदी पद खाली हैं। सर्जन के 90 फीसदी से ज्यादा पद खाली है, फिजीशियन के 90 फीसदी से ज्यादा पद खाली पड़े हैं, बच्चों के डॉक्टर के 90 फीसदी पद खाली हैं।

प्रियंका ने आगे कहा- प्रधानमंत्री मोदी ने 50 मिनट में 50 बार कांग्रेस का नाम लिया। मैं उन्हें एक छोटी सी सलाह दे देती हूं कि जितनी बार कांग्रेस का नाम लेते हैं उसकी जगह विकास का नाम लीजिए। बताइए इंदौर में कितने विकास के काम किए? कितनों के पीछे ईडी डाल दी? कितनी बिजली फ्री दी? लेकिन ये नहीं कह सकते इनमें हिम्मत नहीं है, क्योंकि इन्होंने काम नहीं किया है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा किसी भी समय हो सकती है।

Exit mobile version