Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मध्य प्रदेश में आज मंत्रिमंडल विस्तार!

नई दिल्ली/भोपाल। मध्य प्रदेश में सोमवार को नए मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि सोमवार को दोपहर बाद तीन बजे के करीब नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। भाजपा के जानकर सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के मंत्रिमंडल में 15 नए मंत्री शामिल किए जा सकते हैं। इससे मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिल्ली में दो दिन रूक कर सभी वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की, जिसके बाद मंत्रियों के नाम तय हुए।

मुख्यमंत्री ने रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने उनके घर पहुंचे। उसके बाद वे भोपाल लौट गए। तय कार्यक्रम के मुताबिक वे सोमवार की सुबह राज्यपाल से मिलेंगे और मंत्रियों की सूची सौंपेंगे। दोपहर बाद राजभवन में शपथ ग्रहण हो सकता है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह से पहले इंदौर जाएंगे, जहां वे कनकेश्वरी धाम परिसर में हुकुमचंद मिल के मजदूरों के बकाया भुगतान कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री यादव ने रविवार को दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से भी मुलाकात की। अनुराग ठाकुर से मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा- 12 जनवरी को युवा दिवस है। इस अवसर पर खेल और युवाओं को लेकर कई कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। खेल मंत्री ने भरोसा दिया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार मध्य प्रदेश सरकार को पूरा सहयोग करेगी।

मोहन यादव के मंत्रिमंडल में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को जगह मिलेगी या नहीं इस पर सस्पेंस है। केंद्रीय मंत्री रहे नरेंद्र सिंह तोमर तो स्पीकर बन गए हैं लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय मंत्री बनेंगे या नहीं यह स्पष्ट नहीं है। पूर्व सांसद राकेश सिंह और सबसे वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव के बारे में भी कुछ तय नहीं है। बताया जा रहा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी एंदल सिंह कसाना मंत्री बन सकते हैं। उनके अलावा प्रद्युम्न सिंह तोमर, भूपेंद्र सिंह, गोविंद सिंह राजपूत, हरिशंकर खटीक, शैलेंद्र कुमार जैन, सत्येंद्र पाठक, ओमप्रकाश धुर्वे आदि के मंत्री बनने की चर्चा है।

Exit mobile version