Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हेमंत नेता चुने गए, 28 को शपथ लेंगे

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक दल की बैठक में एक बार फिर हेमंत सोरेन को नेता चुन लिया गया है। साथ ही ‘इंडिया’ ब्लॉक की पार्टियों ने भी उनको नेता चुन लिया है। वे 28 नवंबर को तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। चुनाव नतीजों के एक दिन बाद रविवार को ‘इंडिया’ ब्लॉक के नए चुने गए विधायकों की बैठक मुख्यमंत्री आवास में हुई। इसमें हेमंत सोरेन विधायक दल के नेता चुन लिए गए। इसके बाद उन्होंने राजभवन जाकर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।

सरकार बनाने का न्योता मिलने के बाद राजभवन के बाहर पत्रकारों के साथ बातचीत में हेमंत सोरेन ने कहा- राज्यपाल संतोष गंगवार ने कार्यवाहक सीएम नियुक्त किया है। शपथ ग्रहण समारोह 28 नवंबर को होगा। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद के तेजस्वी यादव शामिल हो सकते हैं।

बताया जा रहा है कि, गठबंधन की पार्टियों में पांच विधायक पर एक मंत्री पद का फॉर्मूला तय किया जा रहा है। इसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा को सात, कांग्रेस को तीन और राजद को एक मंत्री पद मिल सकता है। गौरतलब है कि राज्य में कुल 12 मंत्री बनाए जा सकते हैं। जानकार सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार में जेएमएम के ज्यादातर मंत्रियों को रिपीट किया जा सकता है। हारे हुए दो मंत्रियों की जगह नए चेहरे आएंगे। हालांकि कांग्रेस में जरूर कुछ बदलाव संभव है। वहां भी हारे हुए मंत्री की जगह नया चेहरा आएगा। जेल में बंद आलमगीर आलम की जगह पार्टी के इकलौते मुस्लिम विधायक इरफान अंसारी को सरकार में जगह मिल सकती है तो बुजुर्ग रामेश्वर उरांव की जगह कई दूसरा आदिवासी चेहरा सरकार में शामिल हो सकता है। राजद से दो संजय यादव जीते हैं, जिनमें से किसी एक को मंत्री बनाया जा सकता है।

Exit mobile version