Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

झारखंड में हेमंत ने भाजपा को हराया

रांची। महाराष्ट्र में जिस तरह से भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की उसी तरह झारखंड में हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बड़ी जीत हासिल की है। जेएमएम के इतिहास में उस पार्टी को कभी इतनी सीटें नहीं मिली थीं। जेएमएम 81 सदस्यों की विधानसभा में 34 सीटें जीत कर रिकॉर्ड बनाया है। जेएमएम के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 56 सीटें जीत कर बड़ा बहुमत हासिल किया है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी 21 सीटों पर सिमट गई है। उसके गठबंधन को कुल 24 सीटें मिली हैं।

झारखंड विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 41 सीटों का है, जबकि जेएमएम, कांग्रेस, राजद और वामपंथी पार्टियों के गठबंधन ने 56 सीटों पर जीत हासिल की है। जेएमएम ने 34 सीटें जीत कर पिछली बार की 30 सीट जीतने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कांग्रेस ने 16 सीटें जीती हैं। दो अन्य सहयोगियों में राजद को चार और लेफ्ट को दो सीटें मिली हैं। दूसरी ओर एनडीए में भाजपा को 21 सीटें मिली हैं, जबकि उसकी तीन सहयोगी पार्टियों, जदयू, लोजपा और आजसू को एक एक सीटें मिली हैं।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेठ विधानसभा सीट से करीब 40 हजार वोट से जीते हैं। उनकी पत्नी कल्पना सोरेन गांडेय सीट से चुनाव जीती हैं। उन्होंने इसी साल उपचुनाव में पहली बार इस सीट से जीत हासिल की थी। भाजपा के मुख्यमंत्री पद के अघोषित दावेदार और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी राज धनवार सीट से चुनाव जीते। विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता अमर बाउरी चुनाव हार गए। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा, मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा और चम्पई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन चुनाव हार गए। खुद चम्पई सोरेन सरायकेला सीट से चुनाव जीत गए।

चुनाव नतीजों के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि चुनाव में ‘इंडिया’ का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा। उन्होंने कहा- मैं सभी समुदायों के लोगों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को शुक्रिया कहना चाहता हूं। जमीन पर मौजूद नेताओं का भी मैं शुक्रिया करता हूं। हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने चुनाव जीतने के बाद कहा- गांडेय की जनता ने एक बेटी की तरह मुझे प्यार दिया। इसके लिए उनका बहुत बहुत धन्यवाद। सबका प्यार और आशीर्वाद मिलता रहे, यही प्रार्थना है।

महाराष्ट्र और झारखंड के चुनाव नतीजे आने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- झारखंड के लोगों का ‘इंडिया’ को विशाल जनादेश देने के लिए दिल से धन्यवाद। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस और जेएमएम के सभी कार्यकर्ताओं को इस विजय के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। प्रदेश में गठबंधन की यह जीत संविधान के साथ जल-जंगल-ज़मीन की रक्षा की जीत है। महाराष्ट्र को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी वहां के नतीजों की समीक्षा करेगी।

Exit mobile version