Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

चम्पई का इस्तीफा, कल शामिल होंगे भाजपा में

रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। उससे पहले बुधवार को दिल्ली से रांची लौटे और झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने हेमंत सोरेन की सरकार से भी इस्तीफा दे दिया है। रांची लौटते ही उन्होंने पत्रकारों से बात की और कहा कि वे शुक्रवार यानी 30 अगस्त को विधिवत रूप से भाजपा में शामिल हो जाएंगे।

रांची में अपने आवास पर पहुंचने के बाद सबसे पहले अपना इस्तीफा भेजा। बताया जा रह है कि उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता और राज्य कैबिनेट से अपना इस्तीफा भेज दिया है। चम्पई सोरेन ने कहा- 30 अगस्त को हम बीजेपी में शामिल होंगे। पार्टी हमें जो भी दायित्व देगी, उसी हिसाब से हम काम करेंगे। झारखंड में विकास के साथ साथ आदिवासियों के अस्तित्व को बचाने के लिए हम कदम उठाएंगे।

इस बीच दिल्ली में झारखंड पुलिस के दो अधिकारी पकड़े गए हैं, जिन पर चम्पई सोरेन की जासूसी करने का आरोप लगा है। इन्हें चम्पई सोरेन की शिकायत पर पकड़ा गया है। चम्पई ने दिल्ली पुलिस में झारखंड पुलिस के दो सब इंस्पेक्टरों पर केस दर्ज करवाया है। आरोप है कि झारखंड पुलिस के स्पेशल ब्रांच के दोनों सब इंस्पेक्टर, चम्पई सोरेन और असम के मुख्यमंत्री का पीछा कर रहे थे। दोनों चम्पई सोरेन के साथ ही फ्लाइट से कोलकाता से दिल्ली पहुंचे और ताज होटल में उनके करीब ही कमरा लिया। हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि चम्पई सोरेन के दिल्ली प्रवास में झारखंड पुलिस के स्पेशल ब्रांच ने उनको फॉलो किया। उनकी गतिविधियों की मानिटरिंग की।

Exit mobile version