Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हिमाचल उपचुनाव में कांग्रेस को बड़ी सफलता

Himachal Pradesh Crisis

Himachal Pradesh Crisis

नई दिल्ली। लोकसभा और दो राज्यों की विधानसभाओं के साथ साथ मंगलवार को 12 राज्यों की 26 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे भी घोषित हुए। इनमें सबकी नजर हिमाचल प्रदेश पर थी, जहां कांग्रेस के छह बागी विधायक अयोग्य ठहराए जाने के बाद भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे। इन छह सीटों के नतीजों पर राज्य की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की किस्मत टिकी थी। इन छह में से चार सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है और भाजपा सिर्फ दो सीटें जीत पाई है।

हिमाचल प्रदेश हिमाचल की छह सीटों पर हुए उपचुनाव में लाहौल स्पीति विधानसभा सीट से कांग्रेस की अनुराधा राणा ने निर्दलीय उम्मीदवार राम लाल करकांडा को हराया। सुजानपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के ही कैप्टन रंजीत सिंह ने जीत दर्ज की है। गगरैट सीट से कांग्रेस के राकेश कालिया और कुटलैहड़ से कांग्रेस के विवेक शर्मा विक्की चुनाव जीते हैं। भाजपा के खाते में सिर्फ दो सीटें गईं। धर्मशाला सीट से भाजपा के सुधीर शर्मा और बड़सर से भाजपा के इंदर दत्त लखनपाल चुनाव जीते हैं।

हिमाचल के बाद उपचुनाव में एक दिलचस्प सीट झारखंड के गांडेय की थी, जहां से जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन चुनाव लड़ रही थीं। वे चुनाव जीत गई हैँ। हरियाणा की करनाल सीट से उपचुनाव में उतरे राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी जीत गए हैं। गुजरात की पांच सीटों पर उपचुनाव हुए थे, जिनमें सभी सीटों पर भाजपा जीत गई है। कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए दिग्गज नेता अर्जुन मोडवाडिया ने पोरबंदर सीट पर भाजपा की टिकट से चुनाव लड़ा था। इसके अलावा खंबात, वाघोडिय, विजापुर और मानावाडर में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है।

उत्तर प्रदेश की चार में से दो सीटों पर भाजपा और दो सीटों पर समाजवादी पार्टी चुनाव जीती है। पश्चिम बंगाल की दो सीटों पर उपचुनाव हुए थे और दोनों सीटों पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। कर्नाटक की एक सीट पर कांग्रेस चुनाव जीती है। बिहार की अगियांव सीट पर सीपीएम ने जीत हासिल की है। राजस्थान की एक सीट पर भारत आदिवासी पार्टी चुनाव जीत गई है। तमिलनाडु में भी एक सीट पर चुनाव हुआ था, जहां से कांग्रेस जीती है। तेलंगाना की एक सीट पर कांग्रेस और त्रिपुरा की एक सीट पर भाजपा ने चुनाव जीता है।

Exit mobile version