Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

एक दर्जन राज्यों में हीटवेव की चेतावनी

लू

नई दिल्ली। एक बार फिर गर्मी का कहर पूरे देश में शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने एक दर्जन से ज्यादा राज्यों में हीटवेव यानी लू चलने की आशंका जताई है। राजधानी दिल्ली में भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित 14 राज्यों में हीटवेव की चेतावनी जारी की। इस दौरान कई राज्यों में तापमान तीन से पांच डिग्री तक बढ़ सकता है।

देशभर में लू और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिन में अधिकतम तापमान 47 डिग्री पहुंचने का अनुमान है। राजस्थान के चार जिलों में बुधवार को लू का यलो अलर्ट जारी हुआ। देश के 14 शहरों में मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच गया। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के छह जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। इसमें कई जगह तापमान 45 डिग्री से ऊपर रह सकता है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग, रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के 11 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है।

हालांकि देश के कुछ हिस्सों में बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग ने कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मणिपुर सहित 12 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 अप्रैल तक भारी बारिश का अलर्ट है। असम और मेघालय में तेज आंधी, तूफान की आशंका है।

Also Read: मुंबई इंडियंस फिर दिखा रही है चैंपियन वाला जलवा, छठा खिताब अब दूर नहीं…

Pic Credit: ANI

Exit mobile version