Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

विनेश और बजरंग कांग्रेस में शामिल

नई दिल्ली। एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम में ओलम्पियन विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले इन दोनों के कांग्रेस में शामिल होने से चुनाव पर बड़ा असर होगा। हालांकि भारतीय कुश्ती संघ के प्रमुख रहे बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों के दौरान चले संघर्ष में विनेश व बजरंग के साथ शामिल रहीं साक्षी मलिक ने राजनीति से दूरी रखी है। उन्होंने कहा कि उनको भी ऑफर मिला था लेकिन वे बिना राजनीत में उतरे ही अपनी लड़ाई जारी रखेंगी।

बहरहाल, शुक्रवार, छह सितंबर को नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया को कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कांग्रेस में शामिल कराया। इससे एक दिन पहले दोनों ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। कांग्रेस में शामिल होने के बाद विनेश का जुलाना सीट से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। बजरंग पुनिया भी चुनाव लड़ सकते हैं लेकिन उनकी पसंद की सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार बदलने को तैयार नहीं है।

आधिकारिक रूप से कांग्रेस में शामिल होने से पहले विनेश और बजरंग दोनों कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके आवास पर मिले और फिर कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। कांग्रेस में शामिल होने से पहले विनेश और बजरंग ने रेलवे की नौकरी छोड़ दी। कांग्रेस में शामिल होने के बाद विनेश ने कहा- सबसे पहले तो मैं देशवासियों और मीडिया का धन्यवाद करना चाहती हूं। कांग्रेस पार्टी का बहुत धन्यवाद करती हूं कि बुरे टाइम पर पता लगता है कि साथ में कौन है। जब आंदोलन के दौरान हमें सड़क पर घसीटा जा रहा था, तब बीजेपी को छोड़कर देश की हर पार्टी हमारे साथ थी।

विनेश ने कहा- मैं गर्व महसूस कर रही हूं कि मैं ऐसी पार्टी में हूं, जो महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय और बुरे बर्ताव के खिलाफ खड़ी है। बीजेपी ने हमें ये साबित करने की कोशिश की कि हम जले हुए कारतूस हैं, मैं नेशनल खेली। लोगों ने कहा कि मैं बिना ट्रायल दिए ओलम्पिक जाना चाहती हूं, लेकिन मैंने ट्रायल दिया। जो मैंने फेस किया, मैं चाहती हूं कि बाकी खिलाड़ियों को न झेलना पड़े। उन्होंने कहा- बजरंग पर चार साल का बैन लगा दिया। ये सिर्फ इसलिए किया, क्योंकि उन्होंने आवाज उठाई। इस मौके पर बजरंग ने कहा- विनेश के साथ ओलम्पिक में जो हुआ, पूरा देश दुखी था, हालांकि कुछ लोग खुशी मना रहे थे। ये गलत था। जैसा की विनेश ने कहा कि हम सभी देश की बेटियों के साथ हैं।

Exit mobile version