Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा ने सीएम सैनी की सीट बदली

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा की 90 में से 67 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची में सभी बड़े नेताओं के नाम हैं साथ ही दूसरी पार्टियों से लबदल कर आने वाले सभी नेताओं के भी नाम हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सीट बदल गई है। वे लाडवा सीट से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व मंत्री अनिल विज को अंबाला कैंट, राज्य सरकार के मंत्री कमल गुप्ता को हिसार और कंवर पाल गुर्जर को यमुनानगर के जगाधरी से टिकट दिया गया है। गौरतलब है कि हरियाणा की सभी 90 सीटों पर एक चरण में पांच अक्टूबर को मतदान होगा। नतीजे आठ अक्टूबर को आएंगे।

भारतीय जनता पार्टी ने बताया है कि 29 अगस्त को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद थे। उसमें इन 67 नामों को मंजूरी दी गई। बहरहाल, तीन दिन पहले भाजपा में शामिल हुईं शक्ति रानी शर्मा को  पार्टी ने कालका सीट से टिकट दी है। उनके बेटे कार्तिकेय शर्मा राज्य में भाजपा के समर्थन से निर्दलीय राज्यसभा का चुनाव जीते थे। उनके दूसरे बेटे मनु शर्मा ने जेसिका लाल की हत्या की थी और सजा काट कर जेल से छूटे हैं। भाजपा ने 17 विधायकों और आठ मंत्रियों को फिर से टिकट दी है। एक मंत्री की टिकट कट गई है।

बहरहाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदा सीट करनाल से जगमोहन आनंद को टिकट मिली है। पहले मनोहर लाल खट्टर इसी सीट से विधायक होते थे। उनके मुख्यमंत्री और विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद नायब सिंह सैनी उपचुनाव में इस सीट से लड़े थे। जननायक जनता पार्टी छोड़ कर दो दिन पहले भाजपा में शामिल हुए देवेंद्र बबली को टोहाना सीट से टिकट मिली है। पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल रतिया सुरक्षित सीट से लड़ेंगी।

राव नरबीर सिंह बादशाहपुर से टिकट लेने में कामयाब रहे हैं तो श्रुति चौधरी को भी अपनी मां किरण चौधरी की पारंपरिक तोशाम सीट से टिकट मिल गई है। रोहतक की सुनारिया जेल के अधीक्षक रहे सुनील सांगवान को भाजपा ने दादरी सीट से टिकट दी है। वे दो दिन पहले ही नौकरी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए थे। उनके जेल अधीक्षक रहते उस जेल में बंद बलात्कार और हत्या के दोषी राम रहीम को छह बार पैरोल या फरलो मिली थी। पार्टी के पुराने नेताओं में कैप्टेन अभिमन्यु और ओपी धनखड़ भी टिकट पाने में कामयाब रहे हैं।

Exit mobile version