Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में महिला समृद्धि योजना लॉन्च

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में भाजपा की सरकार ने महिलाओं को हर महीने ढाई हजार रुपए देने की महिला समृद्धि योजना लॉन्च कर दी है। लेकिन यह नहीं बताया है कि महिलाओं को पैसे कब से मिलने शुरू होंगे। यह भी नहीं बताया गया है कि इस योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कब से शुरू होगा। तभी योजना लॉन्च होने के बाद दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने इस योजना पर तंज करते हुए कहा, ‘खोदा पहाड़ निकली चुहिया’।

बहरहाल, दिल्ली सरकार गरीब परिवारों की करीब 20 लाख महिलाओं को हर महीने ढाई हजार रुपए देने की महिला समृद्धि योजना अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर लॉन्च की। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में योजना शुरू करने की घोषणा की। इससे पहले शनिवार सुबह दिल्ली कैबिनेट की बैठक में योजना को मंजूरी दी गई। योजना लॉन्च करते हुए नड्डा ने कहा, ‘मैं सीएम रेखा गुप्ता और अन्य लोगों को बधाई देता हूं कि दिल्ली में इस योजना को लागू करने के लिए 51 सौ करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। योजना तुरंत शुरू की जाएगी’।

भाजपा की चुनावी सफलता में महिलाओं की भूमिका को स्वीकार करते हुए नड्डा ने कहा, ‘दिल्ली की जीत महिलाओं के समर्थन के बिना संभव नहीं थी’। गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान आम आदमी पार्टी के महिलाओं को हर महीने 21 सौ रुपए देने के वादे के सामने भाजपा ने ढाई हजार रुपए देने का वादा किया था। पार्टी को इसका फायदा मिला और भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर 27 साल बाद सत्ता में वापसी की।

बहरहाल, योजना के बारे में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ‘हमने एक कमेटी का गठन किया है। इसकी अध्यक्षता मैं स्वयं करूंगी। इसमें मंत्री प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा और आशीष सूद भी रहेंगे। कमेटी योजना का पोर्टल बनाने, नियम और शर्तें तय करने पर विचार विमर्श करेगी’। महिला समृद्धि योजना का फायदा उठाने के लिए महिलाओं को ई रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके लिए पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा। महिलाएं इस पर वोटर कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड और आय प्रमाण पत्र जमा जैसे जरूरी दस्तावेज जमा करके आवेदन कर सकेंगी।

Exit mobile version