Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कई राज्यों में बारिश तो कई जगह कोहरा

नई दिल्ली। राजस्थान और दिल्ली सहित कई राज्यों में बारिश हुई, जिससे शनिवार को ठंड बढ़ गई। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश सहित देश के 16 राज्यों में घना कोहरा देखने को मिला। कई राज्यों में शनिवार को लगातार दूसरे दिन कोहरा रहा तो कई शहरों में दोपहर तक भी धुंध देखने को मिली। दिल्ली के कुछ इलाकों में शनिवार की सुबह दृश्यता शून्य रिकॉर्ड की गई। इससे 45 ट्रेनें लेट हुईं।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दृश्यता सौ मीटर तक घट गई। कानपुर स्टेशन पर करीब 88 ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर नहीं पहुंच पाईं। दिल्ली और उत्तर प्रदेश मिला कर कुल 133 ट्रेनें लेट रहीं। जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में सर्दी तेज हो गई है। मध्य प्रदेश के शहडोल में तापमान 2.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान में जयपुर, अजमेर समेत 15 शहरों में शनिवार सुबह तेज बारिश हुई।

उधर जम्मू कश्मीर के पहलगाम और हिमाचल प्रदेश के ताबो में सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया। पहलगाम में तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस रहा। हिमाचल के ताबो में तापमान माइनस 11 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में घना कोहरा छाया रहेगा। तमिलनाडु और पुड्डुचेरी में भारी बारिश का अलर्ट है। उत्तर भारत के कुछ राज्यों में बारिश भी हो सकती है।

Exit mobile version