Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली के प्रचार में उतरे योगी

up election 2027

नई दिल्ली। महाकुंभ में डुबकी लगाने और वहां पर कैबिनेट की बैठक करने के एक दिन बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली के चुनाव प्रचार में उतरे हैं। उन्होंने गुरुवार को दिल्ली में भाजपा के लिए चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने केजरीवाल पर हमला करते हुए उन्हें चुनौती दी कि वे यमुना में डुबकी लगा कर दिखाएं। उन्होंने दिल्ली में गंदी यमुना के लिए केजरीवाल पर हमला किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किराड़ी की जनसभा में केजरीवाल के ऊपर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया और घुसपैठियों को दिल्ली में बसाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, ‘आप झूठ बोलने की एटीएम है, इन्होंने जनता से झूठे वादे किए। दिल्ली में रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को बसाया। केजरीवाल दिल्ली में विकास नहीं चाहते। दिल्ली में बिजली यूपी से तीन गुना महंगी है’। योगी आदित्यनाथ ने कहा,  ‘यहां सड़कों की हालत बहुत खराब है। केजरीवाल की राजनीति बांटो और राज करो की है’।

उन्होंने कहा कि आप ने पंजाब में महिला सम्मान निधि का वादा किया, लेकिन नहीं दी। दिल्ली के दंगों में आप के विधायक शामिल थे। योगी ने कहा, ‘केजरीवाल को चुनाव के समय पुजारियों की याद आई। 11 सालों में दिल्ली में कोई मंदिर नहीं बनवाया। कल आपने देखा कि मेरे साथ संगम में 54 मंत्रियों ने डुबकी लगाई। मैं पूछना चाहता हूं क्या अरविंद केजरीवाल यमुना जी में जाकर अपने मंत्रियों के साथ डुबकी लगा सकते हैं’?

जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केजरीवाल पर हमला करते हुए कहा, ‘यह दिल्ली, जिसे विकास के नए मानक स्थापित करने चाहिए थे, आज बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है। उन्होंने यहां के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। वे विकास की बात करते हैं, लेकिन अगर आपको बुनियादी सुविधाएं और बुनियादी ढांचा देखना है, तो गाजियाबाद या नोएडा देखें’। योगी ने कहा, ‘ओखला औद्योगिक क्षेत्र दिल्ली में है, लेकिन पिछले 10 सालों में वहां कोई निवेश नहीं हुआ। वहां निवेश करने के बजाय केजरीवाल एंड कंपनी ने बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं को बसाया है’।

Exit mobile version