Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कांग्रेस ने केजरीवाल पर दर्ज कराया मुकदमा

Congress

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना पर दिल्ली की सरकार और उसके अधिकारियों में शुरू हुए घमासान के बीच Congress पार्टी ने आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के खिलाफ फ्रॉड का मुकदमा दर्ज कराया है। यूथ कांग्रेस ने दिल्ली में मुफ्त इलाज और महिलाओं को 21 सौ रुपए देने के आम आदमी पार्टी के ऐलान के खिलाफ केस दर्ज कराया। प्रदेश अध्यक्ष अक्षय लाकरा ने कहा, ‘हमने पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में केजरीवाल के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी करने को लेकर शिकायत की है’। उन्होंने मुख्यमंत्री आतिशी को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि, ‘जब सरकार के विभाग इन दो योजनाओं से इनकार कर रहे हैं, तब आप ऐसे कैसे दावा कर सकती है’।

कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन ने भी केजरीवाल पर हमला बोला है और उनको देश का फ्रॉड किंग यानी सबसे बड़ा धोखेबाज बताया है। माकन ने कहा कि, ‘अगर केजरीवाल को एक शब्द में परिभाषित करना हो, तो वो शब्द ‘फर्जीवाल’ होगा’।

Also Read: कजाकिस्तान में 110 यात्रियों को ले जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त

दिल्ली कांग्रेस की तरफ से आम आदमी पार्टी और भाजपा के खिलाफ 12 सूत्री श्वेत पत्र जारी करने के समय माकन ने केजरीवाल पर हमला बोला। इस श्वेत पत्र का टाइटल ‘मौका मौका, हर बार धोखा’ रखा गया है। माकन ने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन में आना कांग्रेस की भूल थी, जिसे अब सुधारा जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि यह उनकी निजी राय है।

अजय माकन ने कहा- मुझे लगता है कि आज दिल्ली की जो हालत है और कांग्रेस जो यहां कमजोर हुई, उसका एक ही कारण है कि हमने 2013 में 40 दिन के लिए आप को सपोर्ट किया था। दिल्ली कांग्रेस ने 12 सूत्री श्वेत पत्र में दिल्ली की आप सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार को निशाना बनाते हुए कहा कि दोनों ने अपने वादे पूरे नहीं किए। दोनों पार्टियां प्रदूषण, नागरिक सुविधाओं और कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का प्रबंधन नहीं कर पाई हैं। माकन ने कहा कि जिस जन लोकपाल आंदोलन की लहर पर सवार होकर अरविंद केजरीवाल की पार्टी सत्ता में आई, उसे केजरीवाल अब तक लागू नहीं कर पाए हैं।

Exit mobile version