Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

चोकसी का होगा प्रत्यर्पण?

चोकसी

क्या मेहुल चोकसी का बेल्जियम से प्रत्यर्पण होगा? भारत और बेल्जियम के बीच प्रत्यर्पण संधि है। इसलिए कानूनन वहां से चोकसी का प्रत्यर्पण नामुमकिन नहीं है। मगर ये प्रक्रिया आसान नहीं होगी। चोकसी जमानत की अर्जी देने की तैयारी में है।

नवंबर 2008 में मुंबई पर हुए आतंकवादी हमलों के प्रमुख आरोपी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण के कुछ दिन बाद ही गंभीर आर्थिक अपराध के आरोपी मेहुल चोकसी की बेल्जियम में गिरफ्तारी की खबर आई है। इससे संभावना जगी है कि चोकसी को भारत लाकर कानून के कठघरे में कड़ा किया जा सकेगा। बेल्जियम पुलिस ने 12 अप्रैल को फरार हीरा कारोबारी चोकसी को गिरफ्तार किया।

बेल्जियम के न्याय विभाग ने कहा है कि चोकसी को आगे की न्यायिक कार्रवाई होने तक हिरासत में रखा गया है। अब प्रमुख सवाल है कि क्या चोकसी का प्रत्यर्पण होगा? भारत और बेल्जियम के बीच प्रत्यर्पण संधि है। इसलिए कानूनन वहां से चोकसी का प्रत्यर्पण नामुमकिन नहीं है। मगर ये प्रक्रिया आसान नहीं होगी।

चोकसी का जमानत अर्जी और प्रत्यर्पण सवालों में

चोकसी जमानत की अर्जी देने की तैयारी में है। उसके वकील ने कहा है कि यह अपील मुख्य रूप से चोकसी के स्वास्थ्य संबंधी हालात पर आधारित होगी, क्योंकि उसका कैंसर का इलाज चल रहा है। बीते सालों में उसकी लीगल टीम ने प्रत्यर्पण का विरोध करने के लिए कई कारण गिनाए हैं।

एक मौके पर कहा गया था कि भारत में उसकी जान को खतरा है और भारत में “मॉब लिंचिंग” का चलन भी है। चोकसी, उसके भतीजे फरार हीरा कारोबारी नीरव मोदी और कई अन्य लोगों के खिलाफ सीबीआई और ईडी ने 2018 में पंजाब नेशनल बैंक के साथ लोन धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया था।

यह करीब 13,000 करोड़ रुपयों का घोटाला बताया जाता है। पीएनबी ने शिकायत की थी कि चोकसी और अन्य लोगों ने बैंक के कुछ अधिकारियों के साथ मिल कर बैंक को नुकसान पहुंचाया। नीरव मोदी भी चोकसी की तरह फरार है। उसके अलावा विजय माल्या, ललित मोदी, नितिन संदेसरा आदि जैसे आर्थिक अपराध के कई आरोपी हैं, जो विदेश जाकर मौज की जिंदगी जीते रहे हैं।

यह प्रकरण भारत में गर्म सियासी मुद्दा रहा है। चूंकि उन सबका प्रत्यर्पण कराने में भारतीय एजेंसियां अब तक लाचार नजर आई हैं, इसलिए इन मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरता रहा है। इसलिए ये सवाल अहम है कि क्या अब चोकसी का प्रत्यर्पण होगा?

Also Read: अमेरिकी विमानों की डिलीवरी नहीं लेगा चीन

Pic Credit: ANI

Exit mobile version